अप्पर प्रागपुर के उप प्रधान आशीष पटियाल ने थामा कांग्रेस का दामन

जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भाजपा के संगठनात्मक जिला देहरा के युवा मोर्चा उपाध्यक्ष और अप्पर प्रागपुर पंचायत के उपप्रधान आशीष पटियाल (आशु) ने अपने साथियों संग वीर सिंह, रघुबीर सिंह और महिंदर सिंह के साथ भाजपा को अलविदा कहकर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। यह घटनाक्रम डाडासीबा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कर्मचारी कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष सुरिंद्र मनकोटिया की उपस्थिति में हुआ।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद आशीष पटियाल ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार की ग़लत नीतियों, अमेरिकी दबाव में लिए जा रहे निर्णयों, और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की X (पूर्व ट्विटर) पोस्ट पर ही भारत द्वारा सीजफायर मान लेने जैसे निर्णयों ने उन्हें पार्टी से मोहभंग करने पर मजबूर कर दिया।
इस मौके पर ठाकुर सुरिंद्र सिंह मनकोटिया ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी युवाओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा, “आपने कांग्रेस का हाथ थामकर सही रास्ते की ओर कदम बढ़ाया है। यह वही पार्टी है जिसने देश की रक्षा के लिए कुर्बानियां दी हैं, अंधेरे में सौदे नहीं किए बल्कि दिन के उजाले में दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।”
मनकोटिया ने आगे कहा, “यह कांग्रेस है, जिसने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए, अमेरिका की धमकियों को नज़रअंदाज़ किया और हर मोर्चे पर देशहित को सर्वोपरि रखा। आज कांग्रेस में शामिल होकर आप उस विरासत का हिस्सा बन गए हैं, जो इंदिरा गांधी जैसे नेतृत्व की मिसाल है। इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र की राजनीति में हलचल मची हुई है।