विद्या निकेतन दाड़लाघाट की दीपिका चंदेल ने बढ़ाया नाम
डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट की दीपिका चंदेल ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा व प्रवेश परीक्षा में 539 अंक प्राप्त करके विद्यालय एवं अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी दीपिका ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 95% अंक प्राप्त किए थे। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के एक छोटे से गांव स्तोटी से संबंध रखने वाली दीपिका की उपलब्धि पर सारे गांव के लोग हर्षित हैं।
दीपिका के पिता लेख राम सचिवालय शिमला में वरिष्ठ सहायक तथा माता हेमावती गृहिणी है। दीपिका के दादा बुद्धि राम और दादी शांति देवी ने बताया कि दीपिका शुरू से ही पढ़ने में तेज रही है और उसकी इस उपलब्धि से उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।
दीपिका ने अपने इस सफलता का श्रेय अपने अध्यापकों एवं परिवार वालों को दिया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन मनोज जिंदल ने दीपिका को इस उपलब्धि पर बधाई दी तथा उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
