400 ग्रामीणों ने पंचायत पुनर्सीमांकन के लिए सौंपा मांग पत्र
कुनिहार(सोलन)। पंचायतों के पुनर्सीमांकन के लिए लोग अभी भी प्रशासन व सरकार से आग्रह करते नज़र आ रहे हैं। ऐसा ही नज़ारा मंगलवार को विकास खण्ड कार्यालय कुनिहार में देखने को मिला, जब ग्राम पंचायत बखालग के लोग प्रधान किरपा राम की अगुवाई में पंचायत के लोगों का हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र लेकर कुनिहार विकास खण्ड कार्यालय पहुंचे। खण्ड विकास अधिकारी की अनुपस्थिति में उन्होंने करीब 400 लोगों के हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र को पंचायत निरीक्षक रत्तन सिंह नेगी को सौंपा।
ग्राम पंचायत प्रधान किरपा राम ने बताया कि करोना महामारी के कारण पंचायत की बैठक पिछले काफी समय से नहीं हो सकी व इस कारण पंचायत के विभाजन का प्रस्ताव नही डाला जा सका था। 21 सितंबर को ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चला कर करीब 400 ग्रामीणों के हस्ताक्षर करवा कर बखालग पंचायत के विभाजन करके नई पंचायत खेंरघाटी बनाए जाने की मांग रखी। गौर रहे कि वर्तमान में बखालग पंचायत करीब 25 किलोमीटर के दायरे में फैली हुई है। इस पंचायत की कुल आबादी करीब 3000 व करीब 1800 मतदाता है। पंचायत का क्षेत्रफल ज्यादा होने के कारण कई गांवो तक सरकार की विकासात्मक योजनाएं नही पहुंच पाती थी। आज ग्रामीणों की मांग पर बखालग पंचायत का विभाजन करके खेंरघाटी को नई पंचायत बनाये जाने के लिए मांग पत्र खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार को देना था। परन्तु खण्ड विकास अधिकारी के सरकारी कार्य से सोलन में होने के कारण दूरभाष पर उनसे बात करके यह मांग पत्र पंचायत निरीक्षक रत्तन सिंह नेगी को दिया गया। पंचायत प्रधान ने पुनर्सीमांकन की अवधि समाप्त होने के बावजूद अगर ग्रामीणों की इस मांग पर प्रशासनिक स्तर पर कार्यवाही नही होती है, तो ग्रामीण प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलकर बखालग पंचायत के पुनर्सीमांकन का आग्रह करेंगे।
इस दौरान प्रधान किरपा राम, वार्ड सदस्य बलदेव गौत्तम, विनोद कुमार, सुरेन्द्र वर्मा, ईश्वर दास, वीरेंद्र वर्मा, नरेश कुमार, तुलसी राम, धनी राम, दिनेश आदि मौजूद रहे।
