9 नवम्बर को अर्की में विभिन्न पंचायतों का दौरा करेंगे वीरभद्र सिंह
लंबे अंतराल के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरभद्र सिंह 9 नवम्बर को अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतो का दौरा करेंगे जिसको लेकर उनका टूर प्रोग्राम भी जारी कर दिया गया है। 9 नवम्बर यानी सोमवार को वह सुबह सड़क के रास्ते शिमला से प्लानिया साढ़े दस बजे पहुंचेंगे,जहाँ पर वह ग्राम पंचायत घर के नवनिर्मित भवन का उदघाटन करेंगे।इसके बाद दोपहर 12 बजे ग्राम पंचायत कश्लोग में भी पंचायत घर के नए भवन का उनके द्वारा उदघाटन किया जाएगा। इसके बाद एक बजे दाड़लाघाट में वन विभाग के विश्रामगृह में दोपहर का भोजन होगा। उसके उपरांत 2 बजे ग्राम पंचायत धुन्धन में भी पंचायत घर के नए भवन का उदघाटन किया जाएगा।
बता दे कि विगत 5 नवम्बर को भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुनिहार पहुंचे थे जहाँ पर उन्होंने लोगों की जन समस्याओं को सुना था व सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा था कि वह पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा की गई विकासात्मक घोषणाओं में अपना अडंगा न लगाए नहीं तो वह सरकार के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने से भी गुरेज नही करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के लंबे अंतराल के बाद अपनी विधानसभा क्षेत्र में तूफानी दौरे कर प्रदेश की सियासती में हलचल होना अब स्वाभाविक ही है, जिससे सत्ताधारी पार्टी भाजपा में भूचाल होना भी लगभग तय है।
ब्लॉक कांग्रेस अर्की के मण्डल अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि 9 नवम्बर को पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा सुबह गलोग में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह प्लानिया, कश्लोग व धुन्धन पंचायतो के नवनिर्मित भवनों का उदघाटन करेंगे। वही जनसभा को भी सम्बोधित किया जाएगा। रूप सिंह ठाकुर ने सभी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से 9 नवम्बर को अपनी उपस्थिति दर्ज करने का आग्रह किया है।
