गरीबों के मसीहा थे वीरभद्र: चंद्रशेखर

धर्मपुर/मंडी(डिंपल शर्मा): हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कांग्रेस धर्मपुर की पहल पर और स्थानीय विधायक चंद्रशेखर के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जहां दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सभी ने राजा वीरभद्र सिंह के जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए किए गए अतुलनीय कार्यों को याद किया। युवा कांग्रेस द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक प्रयास करते हुए दर्जनों पौधे भी लगाए गए। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने राजा वीरभद्र सिंह को 'गरीबों का मसीहा' बताते हुए उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह जी ने प्रदेश और कांग्रेस पार्टी को तब संभाला, जब हालात सबसे मुश्किल थे। चुनौतियाँ चाहे कितनी भी बड़ी रही हों, उन्होंने कभी न तो नेतृत्व से पीछे हटे और न ही प्रदेश के विकास की रफ्तार थमने दी। चंद्रशेखर ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल ने न केवल राजनीतिक स्थिरता प्राप्त की, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में भी ऐतिहासिक प्रगति देखी। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चंद और युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशांत ठाकुर सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता, युवा कार्यकर्ता, एनएसयूआई के सदस्य सहित भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।