हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 6 से 10 अक्तूबर तक बारिश का अलर्ट; बढ़ेगी ठंड
शिमला। हिमाचल प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम केंद्र शिमला ने 6 से 10 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्तूबर को बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
7 अक्तूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं 8 अक्तूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 9 अक्तूबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 10 अक्तूबर को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम बदलने के साथ प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी कमी होने की संभावना है। इससे खासकर सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ेगी और ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर और तेज महसूस होगा।
मौसम विभाग ने लोगों से तेज हवाओं, बिजली और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
