कुनिहार : टैंक में गिरा जंगली जानवर, रातभर पानी में रहने से मौत
कुनिहार। जंगली जानवरों का अचानक रिहायशी इलाकों की और आने से यह अंदेशा लगाया जा सकता है कि हमारे आस पास की वन संपदा धीरे धीरे समाप्त हो रही है। कुछ ऐसा ही नजारा जिला सोलन के अंतर्गत आने वाले कुनिहार क्षेत्र में साफ देखने को मिल रहा है। यंहा आए दिन कोई न कोई जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में दिखाई देने लगे हैं। गत रविवार देर रात्रि को भी कुनिहार से महज 1 किलो मीटर दूर सहबार गांव में खेतो की सिंचाई के लिए बनाए गए पानी के टैंक में एक जंगली जानवर (सांबर) गिर गया जिसे सोमवार सुबह किसी ग्रामीण महिला ने देखा व उसने इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को भी दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरन्त वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन कर्मी, अग्निशमन विभाग अर्की व स्थानीय पुलिस भी मौके पर पँहुच गए थे। विभागीय कर्मियों एवं ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद टैंक में गिरे सांबर को तो निकाल लिया लेकिन पूरी रात पानी से भरे टैंक में रहने की वजह से सांबर मर गया जिसे विभाग द्वारा बनाई गई एक कमेटी के समक्ष दफना दिया गया।
गौर तलब है कि पिछले कुछ महीनों पूर्व कुनिहार के बनिया देवी में एक तेंदुए द्वारा मोटर साइकिल सवार पर झपटने के मामले के अतिरिक्त कोठी चोंक पर बेसहारा गाय पर किसी जंगली जानवर द्वारा हमला करने के अतिरिक्त कुनिहार के बडोर घाटी, दबसिर, काउंटी, नमोल, टूकाडी, बीरन आदि गांव में आये दिन जंगली जानवर नजर आने लग गए है। इतना ही नही पिछले कुछ सप्ताह पूर्व भी एक जंगली बिल्ली खनोल गांव में पँहुच गई थी। स्थानीय निवासी दीपक चौधरी, राजेश चौधरी, संजीव चौधरी, विजय, मोहन सिंह, सन्तराम, लायक राम, रामसिंह, रूपराम आदि ने कहा कि यह बात तो खुशी की है जंगली जानवरो की तादात बढ़ रही है लेकिन जानवरो का रिहायशी इलाकों में आना किसी के लिए भी सुरक्षित नही है।
पिछले कुछ वर्षों में ही अचानक कुनिहार क्षेत्र जंगली जानवरों का रिहायशी क्षेत्रो में आना शुरू हुआ है जिससे ऐसा लग रहा है कि वनों में जानवरों को पर्याप्त भोजन नहीं मिल पा रहा है या वन संपदा कम हो रही है।
उन्होंने विभाग से आग्रह किया कि वनों में फलदार पोधो के अतिरिक्त पानी की जोहड़ों के संरक्षण के लिए कोई कदम उठाएं।
इसी विषय बारे वनमण्डलाधिकारी कुनिहार एच के गुप्ता से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि विभाग को सूचना मिली थी कि कोई जंगली सांबर पानी के टैंक में गिर गया है। पूरी रात पानी के टैंक में रहने की वजह से वह मर गया था। उन्होंने कहा कि मृत सांबर का डॉक्टर द्वारा पोस्टमार्टम करवाकर उसे विभाग द्वारा बनाई गई कमेटी के समक्ष दफना दिया गया।
