किन्नौर में रुकने नहीं देंगे विकास की गति : नेगी
-रिकांगपिओ में सैनिक विश्राम गृह का किया शिलान्यास
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले रिकांगपिओ में सैनिक विश्राम गृह का शिलान्यास किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी।
राजस्व मंत्री ने तंगलिंग ग्रांम पंचायत में 3 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से तंगलिंग नाले पर निर्मित होने वाले 180 फुट लंबे बैली पुल का शिलान्यास किया व जन समस्याएं सुनीं। राजस्व मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि तंगलिंग गांव की जल विद्युत परियोजना से संबंधित समस्याओं को परियोजना अधिकारियों के साथ चर्चा कर उनकी समस्याओं का निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 8 जनवरी से पूरे राज्य में 'सरकार गांव के द्वारÓ शुरू करने जा रही है। इस दौरान 12 फरवरी तक गांवों के समूहों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद किया जाएगा तथा प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
राजस्व मंत्री ने जिला प्रशासन की और से उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए गांव तंगलिंग की महिला मंडल प्रधान चांद देवी व तंगलिंग निवासी कृष्ण कुमार तथा इंजीनियर मुकेश पटेल साईट इंचार्ज कॉफर डेम पटेल कंपनी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इसके उपरांत राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने पूर्वनी में 25 लाख रुपये से निर्मित पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया।
राजस्व मंत्री ने पूर्वनी में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला किन्नौर के किसी भी क्षेत्र में विकास की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा तथा जनजातीय क्षेत्रों का विकास करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।