शिमला में शुरू हुआ विंटर कार्निवाल, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
-पहले दिन 450 महिलाओं की महानाटी रही मुख्य आकर्षण
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान पर शिमला विंटर कार्निवाल का शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि शिमला में विंटर कार्निवाल का आयोजन पहली बार किया जा रहा है और इससे शहर के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि शिमला विंटर कार्निवल 5 जनवरी तक चलेगा तथा इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान लगभग 450 महिलाओं ने महानाटी प्रस्तुत की, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून के दौरान बहुत नुकसान हुआ तथा पर्यटन क्षेत्र भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ था। आपदा के दौरान प्रदेश सरकार ने दिन-रात मेहनत की तथा अब हिमाचल प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दो दिन में हिमाचल प्रदेश में 30 हजार पर्यटक वाहन आए हैं जो कि प्रदेश में पर्यटन उद्योग के एक बार फिर से खड़ा होने के अच्छे संकेत हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र का हिमाचल की आर्थिकी में बहुत बड़ा योगदान है तथा प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पर्यटन क्षेत्र के लिए पूर्व के 50 करोड़ बजट के स्थान पर वर्तमान राज्य सरकार द्वारा 3 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों का स्वागत अतिथि देव भव: की परंपरा के अनुरूप किया जा रहा है।
सैलानियों के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे होटल व रेस्टोरेंट
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के सभी रेस्तरां तथा ढाबों सहित खाने की अन्य दुकानों को 20 दिसंबर से 5 जनवरी तक चौबिसों घंटे खुला रखने की छूट दी है। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को आपदा से उबारने में प्रदेशवासियों केे साथ-साथ पर्यटकों के भरपूर सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। सीएम ने सभी को क्रिसमस और नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने रिज पर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया, जिसमें जिला प्रशासन शिमला सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री का कार्निवल में पहुंचने पर पारंपरिक लोक गीत-संगीत के बीच स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित कुल्लवी नाटी तथा सिरमौर जिला के सिंगटु सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
पांच जनवरी तक चलने वाले शिमला विंटर कार्निवाल में हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति के प्रदर्शन के साथ-साथ देसी पकवानों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसके साथ-साथ इस आयोजन के दौरान लेजर शो भी प्रस्तुत किया गया।
