कांगड़ा : 'वो दिन योजना' कार्यक्रम के अंतर्गत शरण कॉलेज मटौर में हुआ महिला सशक्तिकरण शिविर आयोजित

तिलक राज। कांगड़ा
महिला एवं बाल विकास विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा संचालित 'वो दिन योजना' के अंतर्गत मटौर के शरण कॉलेज में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को मासिक धर्म, स्वच्छता, संतुलित आहार और एनीमिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शरण कॉलेज में इस कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला अशोक शर्मा के निर्देशानुसार व प्रबंधक शरण कॉलेज शालिनी और प्रिंसिपल सुमन शर्मा के सहयोग से किया गया।
आज के इस कार्यक्रम में आयुष विभाग से डॉक्टर गरिमा ने छात्राओं को मासिक धर्म पर स्वच्छता, एनीमिया और वातावरण की स्वच्छता के विषय पर विस्तृत जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक शर्मा ने अपने संबोधन के दौरान बताया कि 'वो दिन योजना' के अंतर्गत पंचायत स्तर पर सशक्त महिला केंद्रों के माध्यम से इस योजना का प्रचार प्रसार किया जा रहा है और किशोरियों को मासिक धर्म के प्रति गलत धारणाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा देश की बेटियां सशक्त होंगी, तभी समाज और देश सशक्त बनेगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी कांगड़ा वंदना कटोच ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां आने वाली पीढ़ियों के लिए जननी हैं। इसलिए उनका स्वास्थ्य होना सबसे जरूरी है। देश की बेटियों को मासिक धर्म के विषय पर आवश्यक जानकारी होना बहुत जरूरी है। क्योंकि जानकारी होने पर ही वे अपने अपने आप को स्वस्थ रख पाएंगी। आज के इस शिविर में जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक शर्मा सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी कांगड़ा वंदना कटोच, कॉलेज प्रबंधक शालिनी, प्रिंसिपल सुमन शर्मा, डॉ. गरिमा, अनिता कुमारी, बंदना तथा कॉलेज की बीएड व डीएलईडी की छात्राएं मौजूद रहीं।