धर्मशाला : शाहपुर सिविल अस्पताल में मनाया विश्व पोलियो दिवस

फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
विश्व पोलियो दिवस 24 अक्तूबर, 2022 को देखते हुए आज (गुरूवार) काे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से विश्व पोलियो दिवस सिविल अस्पताल शाहपुर में मनाया गया। जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि भारत में 2011 के बाद कोई भी पोलियो का केस रिपोर्ट नहीं हुआ है और 2014 में भारत पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है। इस स्तर को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि हम पोलियो के प्रति जागरूक रहें। क्योंकि हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के केस रिपोर्ट हो रही हैं, जिसके कारण भारत में भी यह आशंका बनी रहती है। इसलिए हमें सावधानी रखना अति आवश्यक है। आगे जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना ने बताया की पोलियो एक संक्रामक रोग है, जो एक कीटाणु से होता है तथा फीको ओरल रूट द्वारा शरीर में प्रवेश करता है। इसके लिए हमारे आसपास का वातावरण साफ-सुथरा होना चाहिए।
खाने से पहले शौच जाने के बाद हाथ साबुन और पानी से अच्छे से धोने चाहिए। इसी क्रम में आगे जानकारी देते हुए डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि हम टीकाकरण सारणी में पोलियो की बूंदे डेढ़ महीने, ढाई महीने, साढे़ तीन महीने में पिलाते हैं। इसके साथ ही डेढ़ महीने तथा साढे़ तीन महीने में फ्रेक्शनल आईपीवी का टीका भी लगाते हैं। अब सरकार ने जनवरी महीने से फ्रेक्शन आईपीबी का अतिरिक्त टीका 9 महीने के बाद एमआर के साथ देने का फैसला लिया है। इस कार्यक्रम में रंगोली कंपटीशन भी करवाया गया तथा सभी प्रतिभागियों को इनाम के तौर पर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में जन सूचना एवं शिक्षा अधिकारी जगदंबा मेहता ने हैंड वाशिंग के ऊपर विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कार्यकम मे स्वास्थ्य शिक्षिका अंजली तथा अर्चना मौजूद रहे।