योगेश कुमार बनें भरतीय जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल की गरिमामयी उपस्थिति में जोगिन्दा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से योगेश कुमार भरतीय को चुना गया। यह चुनाव प्रोटेम अध्यक्ष हजूरा सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुए।
कसौली विधानसभा क्षेत्र से जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के लिए निदेशक मण्डल में मनोनीत यशपाल ठाकुर को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया।
डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए आशा जताई कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ऊर्जावान नेतृत्व में जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक नई ऊंचाईयों को प्राप्त करेगा और प्रदेश सहित पूरे देश में बैंक को सक्रिय कार्य प्रणाली एवं पारदर्शी सेवाओं के लिए जाना जाएगा।
इस अवसर पर दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबन्ध निदेशक टशी सन्डूप, सहायक पंजीयक सहकारी समिति नीलम, बैंक के सहायक महाप्रबन्धक रूप सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के निदेशक मण्डल के हाल ही में संपन्न चुनवों में सोलन जोन से बुद्ध राम, कसौली-धर्मपुर जोन से लाज किशोर शर्मा, नालागढ़ से योगेश कुमार भरतीय, अर्की-कुनिहार से किरण कौंडल, कण्डाघाट जोन से विजय ठाकुर तथा दून जोन से संजीव कौशल विजयी रहे।
