पालमपुर : 10 साल का बनवास तोड़ेगी यह युवा शक्ति- त्रिलोक कपूर

प्रतिमा राणा। पालमपुर
उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने भाजपा युवा मोर्चा मंडल पालमपुर द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित रैली को लेकर रखी गई योजना बैठक में युवाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कपूर ने कहा कि पालमपुर के 10 साल के वनवास को समाप्त करने में युवा शक्ति की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पालमपुर विधानसभा में बड़ी संख्या में महिला शक्ति और युवा वर्ग भाजपा के साथ जुड़ता जा रहा है, उससे भाजपा के मिशन रिपीट को रोकना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। युवाओं को संबोधित करते हुए कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रस्तावित युवा मोर्चा के कार्यक्रम के लिए पालमपुर के युवा हर बूथ से युवाओं की टीम में तैयार करने के लिए कमर कस लें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश ही नहीं पूरी दुनिया के नेता बनकर उभरे हैं, उनका विशेष प्यार हिमाचल को मिलता रहा है और हिमाचल के युवा भी उनसे उसी तरह का प्यार करते हैं। हिमाचल आगमन पर लाखों की संख्या में युवा इकट्ठे होकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेंगे, जिसमें पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा भी बढ़-चढ़कर भाग लें। इस मौके पर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री राजपाल ने भी युवाओं को संगठनात्मक विषयों पर जानकारी दी तथा संगठन द्वारा आगामी होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा करके युवाओं में जोश भरा। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा मंडल के अध्यक्ष वरुण कपूर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें विशेष रुप से भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर, कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री राजपाल और संगठनात्मक जिला पालमपुर युवा मोर्चा के अध्यक्ष अरविंद कुमार मौजूद रहे। इस अवसर पर युवा मोर्चा संगठनात्मक जिला पालमपुर के महामंत्री राकेश कुलेठी, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुणेश शर्मा, शेर सिंह, पालमपुर भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र भट्ट, मंडल महामंत्री मोंटी व उपाध्यक्ष साकिब कपूर सहित सैकड़ों युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।