युवाओं ने सीआरआई कसौली से लगाई 156 पदों पर नियुक्ति की गुहार
सीआरआई कसौली से इम्युनोबायोलाजिकल एंड एनिमल केयर कोर्स कर चुके दाड़ला क्षेत्र के युवाओं ने सरकार से हाल ही में सृजित किए गए 156 पदों पर नियुक्ति देने की गुहार लगाई है। इन युवाओं ने कहा है कि ठेकेदार की तरफ से युवाओं को नौकरी पैसे देकर देना युवाओं के साथ सरासर खिलवाड़ है। एक ओर सरकार युवाओं को नौकरी देने हेतु वचनबद्ध है, दूसरी ओर सरकार ठेकेदारी प्रथा चला रही है। उनका कहना है कि सन 2016-17 में इसी सीआरआई में मेरिट के आधार पर पहले 25 युवाओं तथा 1 साल बाद 50 युवाओं को ट्रेनिंग करवाई गई थी, ताकि ये प्रशिक्षणार्थी सीआरआई में पद सृजित होने पर यहां नौकरी कर सके। उस समय इस कोर्स की शुरुआत शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप व इसी विधानसभा के विधायक राजीव सहजल द्वारा करवाई गई थी, यही नहीं जो युवा मेरिट पर रखे गए थे। उनको आगे पढ़ाई करने में 2 साल की रुकावट आई अतः वह ग्रेजुएशन करने से वंचित रहे। जिन युवाओं ने यहां पर कोर्स किया है, उनमें मोहित, अर्जुन, राहुल शर्मा, महेश शुक्ला, अंजना, प्रिया, रेखा, शुभम, प्रेम, गीता, जगतराम, स्नेहा आदि का कहना है कि उन्होंने सीआरआई से इम्युनोबायोलाजिकल एंड एनिमल केयर का कोर्स किया है तथा 2 साल कोर्स में रहने के कारण वे आगे पढ़ाई से भी वंचित रहे और अब घर पर बेरोजगार बैठे हैं। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि इन युवाओं ने इसी सीआरआई से उपरोक्त कोर्स किया है। अतः इन पदों पर इन प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्त किया जाए।
