ठियोग में 8.34 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजा गया आरोपी
शिमला जिला के ठियोग क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ठियोग पुलिस ने 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना प्राप्त हुई कि ठियोग के पास एक स्विफ्ट डिज़ायर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी है, जिसमें कुलदीप वर्मा निवासी गांव नलेहा, तहसील ठियोग, चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इस मामले में थाना ठियोग में अभियोग संख्या 48/2026, दिनांक 12 अप्रैल 2026 को धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 16 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
