कुनिहार : जिला स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में युधिष्ठिर का तीसरा स्थान
रंजीत सिंह। कुनिहार
राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के छात्र युधिष्ठिर शर्मा ने जिला स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कुनिहार के गांव दोची के 14 वर्षीय युधिष्ठिर को बचपन से ही केसियो व हारमोनियम बजाने का शौक है। युधिष्ठिर के परिजनाें ने बताया कि बचपन से ही इसे म्यूज़िक का शौक था और पहली कक्षा से ही हार्मोनियम बजाना शुरू कर दिया था। पिछले वर्ष ब्लॉक स्तर पर हुई प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया था और वहां से जिला स्तर के लिए इसका चयन हुआ।
जहां युधिष्ठिर ने शानदार प्रदर्शन कर जिलाभर में तीसरा स्थान हासिल किया, जिसके लिए शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राज्य परियोजना अधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह देकर युधिष्ठर को सम्मानित किया गया। युधिष्ठिर के माता-पिता ने कहा कि हमें अपने बच्चे पर गर्व है। युधिष्ठिर की इस उपलब्धि से विद्यालय में भी खुशी की लहर है। विद्यालय प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर, शिक्षकों, अन्य स्टाफ व एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने युधिष्ठिर व माता-पिता को बधाई दी है।
