पर्यटन और खेल के मानचित्र पर आएगी नज़र बंदलाधार : सुभाष ठाकुर

जिला बिलासपुर में पर्यटन और साहसिक खेलों को बढावा देने के लिए बिलासपुर की प्रसिद्ध बंदलाधार साहसिक खेलों के लिए पर्यटन और खेल मानचित्र पर शीघ्र ही अपना स्थान बनाएगी। यह बात विधायक सुभाष ठाकुर ने बंदला पहाडी पर स्थित पैराग्लाईडिंग स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत कही। उन्होंने कहा कि बंदला धार पैराग्लाईडिंग टेक-ऑफ साईट जल्द ही नए रूप में दिखेगी। विधायक सुभाष ठाकुर बिलासपुर की पैराग्लाइडिंग के लिए शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बंदला पहुंचे और साईट का निरीक्षण करने के उपरांत सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को इस साईट को एक सप्ताह के भीतर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि 19 व 20 अक्तूबर को पर्यटन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम इस साईट का मुआयना करेगी तथा टेक-आफ साईट को हरी झंडी मिलने की स्थिति में बंदला में जल्द ही देश की पहली पैराग्लाइडिंग एक्रो प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए विशेष प्रयास कर रहे। हिमाचल पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें टेक-आफ में आने वाली दिक्कतों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां साहसिक खेलों की भी अपार संभावनाएं है। उन्होने कहा कि उन्हें पूर्ण आशा है कि पर्यटन विभाग की तकनीकी टीम द्वारा पैराग्लाइडिंग टेक-आफ साईट का निरीक्षण करने के उपरांत इस साईट को हरी झंडी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे उनके लिए भी रोजगार के कई साधन विकसित होंगे।