लोगों को दी ड्रग फ्री हिमाचल ऐप की जानकारी
सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल में प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी नशा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पुलिस विभाग द्वारा वृहद स्तर पर कार्य किया जा रहा है। यह जानकारी आज पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी ने दी। उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन जागरण कार्यक्रम के तहत राजस्व जिला बद्दी में पुलिस द्वारा लोगों को ड्रग फ्री हिमाचल ऐप की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि इस ऐप को अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड किया जा सकता है। लोगों को पुलिस कर्मियों द्वारा व्यवहारिक रूप से इस ऐप की जानकारी दी गई। लोगों ने पुलिस कर्मियों से ऐप की कार्यप्रणाली भी समझी। रोहित मालपानी ने कहा कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बद्दी पुलिस द्वारा नियमित रूप से क्षेत्र में वाहनों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। पंजाब तथा हरियाणा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करवाया जा रहा है। उन्हें विभिन्न प्रकार के नशों की जानकारी भी दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि नशे के सौदागरों के संबंध में जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से नशे जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाया जा सकता है। रोहित मालपानी ने कहा कि कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से भांग के पौधे उखाड़कर नष्ट किए जा रहे है। पुलिस थाना बद्दी के तहत शीतलपुर मार्ग तथा ग्राम पंचायत बरोटीवाला में स्थानीय निवासियों के सहयोग से भांग के पौधे उखाड़े गए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पंचायत भवन बरोटीवाला में लोगों को नशा निवारण के संबंध में शपथ भी दिलाई गई। लोगों को अवगत करवाया गया कि किसी भी प्रकार का नशा केवल हानि करता है और सभी को नशे से दूर रहना चाहिए। लोगों से आग्रह किया गया कि नशा निवारण के लिए पुलिस को सहयोग प्रदान करें और घर पर विशेष रूप से युवाओं के व्यवहार पर नजर रखें। रोहित मालपानी ने कहा कि नशा निवारण अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा विभिन्न दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान दवा की दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता के विषय में जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा नालागढ़ से खरूनी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए औचक निरीक्षण किए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम ने ग्राम पंचायत मानपुरा में जन प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित कर उनसे क्षेत्र में नशे की उपलब्धता एवं नशा सौदागरों के विषय में सारगर्भित चर्चा की।
1. लोगों को नशा निवारण के संबंध में जानकारी।
2. लोगों को नशा निवारण के संबंध में जानकारी।
3. नशा निवारण अभियान के तहत वाहनों का औचक निरीक्षण करते पुलिस कर्मी।
4. नशा निवारण अभियान के तहत वाहनों का औचक निरीक्षण करते पुलिस कर्मी।
5. दवा दुकानों का निरीक्षण।
6. भांग उखाडों अभियान
7. ड्रग फ्री हिमाचल ऐप की जानकारी।
8. भांग उखाडों अभियान
9. नशा उन्मूलन शपथ
10. दवा दुकानों का निरीक्षण।
