महिलाओं को नशाखोरी के विरूद्ध जागरूक बनाएं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता- डाॅ. सैजल
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं का आह्वान किया कि वे ग्राम स्तर पर महिलाओं को नशे के दुष्प्रभावों के विषय में जागरूक बनाएं। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के कंडाघाट विकास खंड की ग्राम पंचायत छावशा के पाडली गांव में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण करने केे उपरान्त उपस्थित जनसमूह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं को सम्बोधित कर रहे थे। इस आंगनवाड़ी भवन के निर्माण पर 5.67 लाख रुपए व्यय हुए है। डाॅ. सैजल ने कहा कि नशे का किसी भी रूप में सेवन व्यक्ति एवं परिवार की बर्बादी का कारण बनता है। यदि सभी स्तरों पर महिलाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाए तो इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि महिला परिवार की धुरी होती है और महिलाओं की संगठित शक्ति नशा निवारण की दिशा में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे सामने नशे के जो दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं वह भयावह तस्वीर प्रस्तुत कर रहे है। इस समस्या पर विजय पाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर नशे के विरूद्ध लड़ना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सहायिकाएं नशे के विरूद्ध निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सहायिकाएं नियमित तौर पर गांवो में महिलाओं को स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण सम्बन्धी विभिन्न विषयों के सम्बन्ध में जागरूक बना रही है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं को महिलाओं को विभिन्न प्रकार के नशों एवं इनके दुष्प्रभावों के बारेे में जागरूक बनाना होगा। महिलाओं को नशे के कारण होने वाली आर्थिक हानि से भी अवगत करवाना होगा। उन्होंने कहा कि नशे के आदी व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार तथा रोजगार इत्यादि पर नशा सेवन के कारण होने वाली हानी की जानकारी ही समाज को एकजुट होकर नशे के विरूद्ध लड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
डाॅ. सैजल ने कहा कि जागरूक नारी शक्ति समाज एवं परिवार के संतुुलित विकास के लिए आवश्यक है और प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं को इस दिशा में अग्रदूत की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य की सुरक्षा के लिए सभी को अपनी भूमिका का सही निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि 15 दिसम्बर, 2019 तक नशा उन्मूलन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान को हम सभी को सफल बनाना होगा ताकि समाज और परिवार को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने नशा निवारण को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं से आग्रह किया कि वे पोषण अभियान की पूरी जानकारी घर-घर तक पंहुचाएं ताकि महिलाएं एवं शिशु स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। उन्होंने वृद्धावस्था पैंशन, गृहिणी सुविधा सहित सहारा जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्र्रदान की। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जनमंच का लाभ उठाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि विकास सम्बन्धी विभिन्न मांगों को समयबद्ध आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गम्भर खड्ड पर नया पुल निर्मित करने का मामला मुख्यमन्त्री से उठाया जाएगा। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर बेटी पढ़ाओ- बेटी बचाओ के तहत 03 कन्या शिशुओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र के प्रांगण में आंवले का पौधा भी रोपा। उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए। भाजपा नेता डाॅ. राजेश कश्यप ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के समय में सोलन जिला एवं विधानसभा क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है। भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। ग्राम पंचायत छावशा की प्रधान अंजू देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। ग्राम पंचायत पौधना के उपप्रधान ओमदत्त शर्मा ने धन्यावाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतोें के प्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य, भाजपा के पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी वन्दना चैहान, खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट रमनवीर चैहान, अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
