मानवाधिकार दिवस पर झाड़माजरी में कार्यक्रम आयोजित

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा आज मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में नालागढ़ उपमंडल के झाड़माजरी स्थित बीबीएनआईए परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति धर्मचंद चौधरी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस शिविर में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ की विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के 300 से अधिक कामगारों ने भाग लिया। न्यायमूर्ति धर्मचंद चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि आज के परिवेश में बढ़ता अपराध मानावधिकार के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के मानव अधिकारी महत्वपूर्ण हैं। हमारे देश का संविधान सभी नागरिकों के लिए एक समान अधिकार सुनिश्चित बनाता है। मौलिक अधिकारों के रूप में हमारे संविधान ने सभी नागरिकों को मानव अधिकार सुनिश्चित किए हैं। उन्होंने कहा कि हमें सभी नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ में आगे निकलने की होड़ के कारण अनेक बार मानव अधिकारों के साथ समझौता होता है। यह सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए कि सभी नागरिकों के मानव अधिकार सुरक्षित रहें। उन्होंने मानवाधिकार दिवस के आयोजन के उद्देश्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। न्यायमूर्ति धर्मचंद चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि बीबीएन क्षेत्र में संगठित व असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए विधिक सेवा प्रकोष्ठ की स्थापना की जाएगी। इस प्रकोष्ठ में कामगार श्रमिक नियमों के अतिरिक्त अपने रोजमर्रा जीवन से संबंधित कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अधिवक्ता एवं तथा पैरालीगल वालंटियर नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकोष्ठ की स्थापना राष्ट्रीय विधिक सेवाएं अधिनियम के अनुरूप की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मानवधिकारों को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। संस्कृति में अनेक उदाहरणों के माध्यम मानव अधिकारों की रक्षा करने की सीख दी गई है। हम सभी को अपनी संस्कृति और देश के संविधान के अनुरूप मानव अधिकारों को सुरक्षित रखना चाहिए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की जानकारी दी।
कार्यक्रम में नालागढ़ बार एसोसिएएशन के अध्यक्ष डीके कौशल, श्रम एवं समझौता अधिकारी मनीष करोल, एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा, पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी ने भी अपने विचार रखे। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गुरमीत कौर ने न्यायमूर्ति धर्मचंद चौधरी सहित सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर न्यायाधीश न्यायमूर्ति धर्मचंद चौधरी की धर्मपत्नी प्रोमिला चौधरी, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य न्यायमूर्ति प्रेम पाल रांटा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र ठाकुर, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रशासनिक अधिकारी गौरव महाजन, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सोलन राजेश चौहान, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नालागढ़ उपासना शर्मा, सिविल जज नालागढ़ जितेंद्र सैणी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी एनके शर्मा, बार एसोसिएशन सोलन के अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमाचल प्रदेश दवा उत्पादक संघ बीबीएन के उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल व सदस्य सतीश सिंगला, बिक्रम साहनी, डॉ. संदीप विज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में कामगार उपस्थित थे।