शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, अवैध ढाबा ध्वस्त
शिमला: नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के तहत शिमला पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े आरोपी के अवैध कब्जे पर कार्रवाई करवाई है। पुलिस के मुताबिक, अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण कई बार नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, FIR नंबर 166, धारा 18 ND&PS Act के तहत आरोपी अर्जुन पाल पुत्र विजय सिंह, निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा, हाल निवासी रोहड़ू, को 108 ग्राम अफीम रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से संबंधित राजस्व रिकॉर्ड की जांच की। इसमें सामने आया कि पटसारी क्षेत्र में PWD की सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर अस्थायी ढाबा/रेस्टोरेंट बनाया गया था।
पुलिस ने इस संबंध में उपमंडलाधिकारी, जुब्बल के माध्यम से संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार किया। इसके बाद PWD विभाग ने पुलिस बल की मौजूदगी में उक्त अवैध ढाबे को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवाया।
शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के मामलों में कार्रवाई केवल गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। तस्करी से जुड़े आरोपियों के अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों को भी चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ मिलकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
