महिला अपराधों के प्रति अधिक संवेदनशील बने पुलिस-डाॅ. डेजी ठाकुर

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे महिलाओं की समस्याओं व उनके प्रति अपराधों के संबंध में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें तथा कानून के अनुसार त्वरित कार्यवाही करें ताकि महिलाओं को समय पर न्याय प्राप्त हो सके। डाॅ. डेजी ठाकुर सोमवार को ज़िला सोलन के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस थानों में महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता कर रही थीं। डाॅ. डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को सुगम न्याय प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। इस विषय में ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों में महिलाओं को और अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा महिला पुलिस थाने खोले गए हैं एवं आवश्यकतानुसार और अधिक खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने मोबाइल से शक्ति ऐप बटन के माध्यम से तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। इन शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित बनाया जाना आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा ने कार्यशाला में पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करवाने के दौरान विभिन्न कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न महिला अपराधों के प्रति गंभीर है और इस दिशा में पुलिस कर्मियों को अधिक संवेदनशील बनाया जा रहा है।
जिला न्यायवादी संजय चैहान ने महिला अपराधों की रोकथाम तथा इस संदर्भ में नवीनतम कानूनों के विषय में जानकारी प्रदान की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चैहान ने प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं व किशोरियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला।
राजकीय महाविद्यालय सोलन की मनोविज्ञान की प्रवक्ता डाॅ. कल्पना भारद्वाज ने महिला-पुरूषों के प्रति सामाजिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण बारे विस्तृत चर्चा की।
कार्यशाला में सहायक जिला न्यायवादी जितेंद्र शर्मा, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डाॅ. अजय सिंह, वन स्टाॅप सेंटर की प्रदेश प्रभारी नीलम कुमारी, नवनिर्माण फाउंडेशन की अध्यक्ष कुमारी सुदेश ने भी महिला अपराधों तथा विभिन्न कानूनी पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डाॅ. शिव कुमार शर्मा सहित ज़िला के विभिन्न पुलिस उप अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।