डाॅ. सैजल द्वारा जिला के सभी गावों तक उत्तम गुणवत्ता के मास्क पंहुचाने के दिए निर्देश
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने जिला प्रशासन सोलन को निर्देश दिए हैं कि जिला के सभी गावोें में लोगों तक उत्तम गुणवत्ता के मास्क पंहुचाए जाएं और यह सुनिश्चित बनाया जाए कि आवश्यक वस्तुओं एवं दवा इत्यादि की आपूर्ति नियमित रहे। डाॅ. सैजल कोरोना बचाव एवं रोकथाम के लिए गठित समिति की चतुर्थ बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डाॅ. सैजल ने कहा कि सभी गांव में मास्क वितरित करने के साथ-साथ सोशल डिस्टेन्सिग एवं अन्य आवश्यक नियमों की जानकारी भी प्रदान करें ताकि लोग सफलता के साथ कोरोना वायरस से बचाव कर सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिला में पशुओं के लिए तूड़ी एवं चारे की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए तथा पशु पालकों को इसका वितरण भी समयबद्ध होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दुधारू पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान के लिए गांव तक पशु चिकित्सक समय पर पंहुचने चाहिएं। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि इस दिशा में पशु पालन विभाग को समय सारिणी बनाकर कार्य करने के आदेश दिए जाएं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों केे माध्यम से खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति समयबद्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में प्रदेश सरकार के नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राशन वितरण के लिए स्थानीय पार्षदों को भी विश्वास में ले।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए यदि लाॅकडाउन को बढ़ाने का निर्णय किया जाता है तो ऐसी परिस्थिति के लिए प्रशासन को विभिन्न संसाधनों, आवश्यक वस्तुओं, खाद्यान्न इत्यादि की उपलब्धता के लिए योजनाबद्ध तैयारी करनी होगी। डाॅ. सैजल ने निर्देश दिए कि जिला में किसी भी स्थान पर केवल लाईसैंसधारी व्यक्तियों द्वारा ही सब्जी एवं फल विक्रय किए जाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए घोषित संरोधन क्षेत्रों (कन्टेनमेंट जोन) में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला के नालगढ़ उपमण्डल के चिन्हित क्षेत्रों और परवाणु तथा ग्राम पंचायत जंगेशु एवं टकसाल में होम डिलीवरी प्रणाली को सुदृढ़ करने के साथ-साथ एक्टिव केस फाइडिंग अभियान के तहत लक्षण आधारित रक्त नमूने लेने के कार्य को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।
डाॅ. सैजल ने कहा कि वर्तमान में जिला में कृषकों की फसल को मण्डियों तक पंहुचाने के कार्य में तेजी लाई गई है। इसे किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश एवं जिलावासियोें से आग्रह किया कि कोरोना वायरस का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के निर्देशों का पूर्ववत पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि जिला में प्रशासन को लोगों का सहयोग प्राप्त हो रहा है और सभी के सहयोग से इस संकट को निश्चित रूप से हराया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इस समय सभी आत्मसंयम का पालन करते हुए घर पर ही रहें और अति आवश्यक होने पर ही केवल कफ्र्यू ढील के समय समीप की दुकान तक यथासम्भव पैदल ही जाएं। सहकारिता मंत्री ने इस अवसर पर प्रशासन, पुलिस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विद्युत, जल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तथा खाद्याान्न भण्डार की जानकारी भी प्राप्त की।प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया ने ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने का आग्रह किया। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल ने कोविड-19 के दृष्टिगत अर्की क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी प्रदान की। सोलन से भाजपा उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप ने चायल क्षेत्र के पुष्प उत्पादकों को कोविड-19 के दृष्टिगत हुए नुक्सान की समुचित भरपाई करने का आग्रह किया।
उपायुक्त के.सी. चमन ने प्रशासन की तैयारियों एवं अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, सोलन से भाजपा उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप, पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चन्देल, उपमण्डलाधिकारी सोलन रोहित राठौर, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एन.के. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
