हाईवे निर्माण से मकान क्षतिग्रस्त, पीड़ित परिवार संग धरने पर बैठे विधायक
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में नेशनल हाईवे निर्माण के कारण लोगों के घरों और संपत्तियों को हो रहे नुकसान का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पंचायत कुम्हारड़ा के सामे का ठारू गांव में नेशनल हाईवे निर्माण की चपेट में आए एक परिवार के मकान को हुए नुकसान के बाद स्थानीय विधायक चंद्रशेखर देर रात पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए।
विधायक ने संबंधित सड़क अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए प्रभावित परिवार को जल्द न्याय दिलाने और क्षेत्र के 187 संवेदनशील स्थानों पर पिछले एक साल में हुई कार्रवाई व आगामी कार्ययोजना का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग उठाई है।
जवान का घर खतरे में देख भावुक हुए विधायक
विधायक चंद्रशेखर ने बताया कि वह दोपहर करीब 12 बजे मौके पर पहुंचे थे। वहां देश की सेवा में तैनात एक जवान के परिवार का मकान नेशनल हाईवे निर्माण के कारण खतरे की चपेट में आ गया है। उन्होंने कहा कि परिवार की दयनीय स्थिति देखकर उन्हें ढांढस बंधाना भी मुश्किल हो गया, जिसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मौके पर ही धरना शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को न्याय दिलाना उनका संवैधानिक और नैतिक दायित्व है। विधायक ने स्पष्ट किया कि जब तक धर्मपुर की जनता को उनका हक नहीं मिलता, तब तक वह इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे।
अब देखना होगा कि 24 घंटे के अल्टीमेटम के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं तथा 187 संवेदनशील स्थानों को लेकर मांगी गई रिपोर्ट कब तक सामने आती है
