आदर्श विद्यालय को लेकर अटकलों पर लगा विराम
प्रदेश सरकार द्वारा कुनिहार में अटल आदर्श विद्यालय खोलने की अधिसूचना जारी कर सभी अटकलों पर विराम लग गया व अधिसूचना की सूचना मिलते ही पूरे कुनिहार क्षेत्र में खुशी का माहौल हो गया। शुक्रवार को जैसे ही यह अधिसूचना जारी होने की सूचना कुनिहार जनपद में पता लगी तो क्षेत्र के सभी लोग एक दूसरे को बधाई देने लगे व साथ ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कुनिहार के लिए दी इस सौगात के लिए धन्यवाद करते नजर आये। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला चल पड़ा।
गौर रहे कि 25 जनवरी 2019 को राजत्व दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुनिहार के रावमापा छात्र कुनिहार को अटल आदर्श विद्यालय बनाने की घोषणा की थी, लेकिन लगभग डेढ़ वर्ष पहले की गई इस घोषणा की अभी तक किसी कारण वश अधिसूचना जारी नही हुई थी। मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस घोषणा बारे कई अटकलें क्षेत्र में फैल रही थी, लेकिन अब इस विद्यालय की अधिसूचना जारी होते ही सभी अटकलों पर विराम लग गया व कुनिहार जनपद की सभी सामाजिक संस्थाओं ने प्रदेश सरकार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्तन सिंह पाल का इस अमूल्य सौगात के लिए दिल की गहराइयों से आभार प्रकट किया।
देवेंद्र कुमार शर्मा मण्डल अध्यक्ष,इंद्रपाल शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर अध्यक्ष सर्व एकता मंच, कौशल्या कंवर अध्यक्ष सम्भव चेरिटेबल सोसायटी, प्रतिभा कंवर, कुलदीप सिंह कंवरअध्यक्ष नव चेतना संस्था, धनी राम तनवर अध्यक्ष कुनिहार विकास समिति सहित क्षेत्र के लोगो ने आभर व्यक्त करते हुए कहा है कि जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस नायाब सौगात के लिए शिमला में धन्यवाद करने जाएगा।
