केंद्र के राहत पैकेज से प्रदेश को मिल रहा लाभ : जयराम ठाकुर
भारत के इतिहास में आपातकाल, कांग्रेस की दमनकारी नीतियों, सत्ता लोभी और तानाशाही मानसिकता के प्रतीक का काला धब्बा जो कभी नहीं मिट सकता। 25 जून 1975 को कांग्रेस ने लोकतंत्र का कत्ल किया था। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की हिमाचल जनसंवाद वर्चुअल रैली में लाखों लोगों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश में 3-c का खेल खेला गया है। कांग्रेस, करप्शन और चीन इन तीनों का गठबंधन जब हुआ तो देश हित को ही पीछे छोड़ दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा दिया गया हर ब्यान झूठा होता है। कांग्रेस ने सदैव केवल परिवार हित देखा है। सत्ता का लाभ उठाने के लिए कांग्रेस ने जो भी निर्णय लिए वो देश हित में नहीं थे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि नरेन्दर मोदी के हाथों में देश पूर्णतः सुरक्षित है। मोदी सरकार ने देश के हर वर्ग के उत्थान के लिये सफल योजना दी है। उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र भी किया। उन्होंने कि दूसरे कार्यकाल के पहले ही वर्ष में मोदी व शाह की जोड़ी ने वो मुद्दे सुलझाए जो 70 वर्षों से देश के लिए नासूर बन हुए थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सम्बोधन में कहा कि केंद्र के राहत पैकेज से प्रदेश को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना ने पूरे विश्व को बेहाल किया है। ऐसे में नरेंदर मोदी के दृढ़ नेतृत्व ने विश्व को कोरोना बीमारी से बचने की राह दिखाई है। उनके नेतृत्व में राष्ट्र एकजुट है।
केंद्रीय इस्पात एवं पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शहीद अंकुश ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देवभूमि, वीरभूमि हिमाचल प्रदेश को नमन कर अपना सम्बोधन रैली में दिया। उन्होंने कहा कि देश पर जब भी विपत्ति आई, सीमाओं की रक्षा के लिए हिमाचल के सपूतों ने वीरता की परकाष्ठता दिखाई है। आपातकाल खण्ड को उन्होंने देश की दूसरी स्वतंत्रता लड़ाई करार देते हुए कहा कि तानाशाही ताकतों से देश को बचाने की लड़ाई श्रद्धेय अटल जी के नेतृत्व में लड़ी गयी।
उन्होंने अनुराग ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि पूरी तिजोरी को सबमें बांटने, राहत पैकेज योजना के क्रियान्वन और गरीबों को सही में लाभ मिले यह जिम्मेवारी प्रधानमंत्री ने उन्हें सौंपी थी जिस काम में वह बखूबी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 70 हजार करोड़ रुपये देश की गरीब जनता के खातों में मोदी सरकार ने भेजे हैं, ऐसा विश्व के किसी देश में नहीं होता है। नरेन्दर मोदी के इसी दृढ़ नेतृत्व की ओर विश्व आज आशा की नजरों से देख रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में कुछ कमियों भी जरूर होंगी पर यह समस्याएं हमें विरासत में मिली हैं। विश्व के 150 देशों को भारत ने दवाई भेजी है, अमेरिका हमसे दवाई मंगवा रहा है, यह विश्व में भारत की मर्यादा और मान है।
उन्होंने कहा कि देश के गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों को समर्पित मोदी सरकार ने देश के संसाधनों पर भी पहला अधिकार इन्ही का बता कर हर योजना बनाई और चलाई है। देश में हर 100 में से 73 लोगों ने अपना भरोसा मोदी सरकार पर जताया है। एक निर्णायक, मजबूत और संवेदनशील सरकार केंद्र में है जो देश को विश्व गुरु बनाने की राह पर चलायमान है।