राम लाल ठाकुर ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा आई टी सेल कर रहा अभद्र राजनीति
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, पूर्व मंत्री व विधायक श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र राम लाल ठाकुर ने केंद्र सरकार व भाजपा के बड़े नेताओं को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी करते है वह कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से कहा की इस तरह से की निराधार बयानबाजी करने से पहले जरा सोच लिया करें क्योंकि आपकी शिक्षा का स्तर ऊंचा है तो देवी देवताओं से किसी मनुष्य का आकलन करना आपको शोभा नहीं देता है।
राम लाल ठाकुर ने यह भी कहा कि जिस तरह से भाजपा का सोशल मीडिया सेल महात्मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी व राहुल गांधी की इमेज को सोशल मीडिया पर फोटोशॉप करके व्यक्त करता है वह बहुत चिंता का विषय है। यह कौन सी भाषा आज भाजपा बोल रही किस तरह से देश के राष्ट्रीय नेताओं की इमेज को व्यक्त किया जा रहा है बहुत ही चिंतन का विषय हो चुका है। राम लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इन बातों पर संज्ञान लेना चाहिए कि भाजपा का आई टी सेल किस तरह की अभद्रता पूर्ण राजनीति करने पर आ चुका है।
राम लाल ठाकुर ने कहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को यह देखना चाहिए कि किस तरह से राष्ट्रीय नेताओं के बयानों की खिल्ली उड़ाई जाती है और उससे जो भाषा अंकुरित हो रही है, वह देश के लिए तो घातक है पर देश में चरित्र हनन की राजनीति को भी बढ़वा दे रही है। राम लाल ठाकुर ने कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री व गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान देश और कांग्रेस पार्टी कभी भूल नहीं सकती। सरदार वल्लभ भाई पटेल का देहावसान वर्ष 1950 में हुआ था लेकिन तब से लेकर आज तक सरदार वल्लभ भाई पटेल और देश के आर्किटेक्ट कहे जाने वाले प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के रिश्तों को जिस तरह से देश की विभाजनकारी ताकतों ने प्रस्तुत किया है वह निंदनीय है। जब से सोशल मीडिया का युग आया है तो इतनी भद्दी भद्दी टिप्पणीयां इनके रिश्तों को लेकर आई है इससे तो नुकसान देश का तो हुआ ही है लेकिन आने वाली पीढ़ियों को भी भारी वैचारिक नुकसान हो सकता है।
