जीत सिंह ने संभाला पुलिस थाना दाड़लाघाट के नए थाना प्रभारी का कार्यभार
पुलिस थाना दाड़लाघाट के नए थाना प्रभारी जीत सिंह ने वीरवार को विधिवत कार्यभार संभाल लिया। जीत सिंह ने कार्यभार संभालते ही अपराध और आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए स्टाफ के साथ बैठक की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा शुरू की गई सामुदायिक योजना समर्थ के तहत 65 वर्ष से ऊपर के असहाय लोगों जिनके पास कोई साधन नहीं है,वैसे लोगों को कभी भी सहायता की जरूरत हो तो प्राथमिकता के आधार पर पुलिस थाना दाड़लाघाट से सहायता ले सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में रहकर जनता की सेवा करना गर्व और सौभाग्य की बात है और इसी मकसद को लेकर मैंने पुलिस विभाग ज्वाइंन किया था। आज तक जहां-जहां भी पोस्टिंग रही जनता और मीडिया के साथ मिलकर जनहित में काम किया गया। बतौर थाना प्रभारी जीत सिंह का कहना है कि दाड़लाघाट औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ साथ एक बड़ा और संवेदनशील इलाका है। पूरे इलाके की तफतीश के बाद यहां से जुर्म,नशे, अपराधियों पर शिकंजे के साथ साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखना पुलिस का अहम मकसद रहेगा।
