विधायक जीत राम कटवाल ने बबखाल पुल के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
विधायक जीत राम कटवाल ने विधानसभा क्षेत्र झंडूता के अंतर्गत लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत निर्मित किए जा रहे 330 मीटर लम्बे बबखाल पुल के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्र झंडूता को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए अनेकों विकासात्मक कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि विकास के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि लोगों को लंबे समय तक विकास कार्यों का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि पुल के बन जाने से झंडूता से कीरतपुर तक की दूरी ६० किलोमीटर कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है तथा दो वर्षों के भीतर पुल के निर्माण कार्य को पूरा कर लोगों को समर्पित कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि पुल के निर्मित हो जाने से विधानसभा क्षेत्र झंडूता के लोगों को चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब जाने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी जिससे धन और समय की बचत होगी। उन्होंने पुल निर्माण के लिए धन उपलब्ध करवाने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मंत्री अनुराग ठाकुर का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र विकास में सड़कें महत्त्वपूर्ण है, बिना सड़कों के क्षेत्र का विकास सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों को यातायात के लिए बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 78 करोड़ रुपये की लागत से केन्द्रीय सड़क फण्ड (सीआरएफ) के तहत बनने वाली मेजर डिस्ट्रीक रोड़ (एम.डी.आर.) सड़क पनौल-झंडूता बाया नंदनगराओं-जेजवीं सड़क परियोजना से कोटधार तथा झंडूता क्षेत्र के साथ अन्य विधानभा क्षेत्रों के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत नंदनगराओं में 54 करोड़ रुपये कोटधार को जोड़ने वाले गोविन्द सागर झील के ऊपर लगभग 380 मीटर पुल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पुल का निर्माण कार्य लगभग दो वर्षो में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पुल क्षेत्र विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने गेमन इंडिया के अधिकारियों को पुल के निर्माण कार्य को शीघ्रपूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष मोहिन्द्र सिंह चन्देल, पूर्व पंचायत प्रधान कांशीराम, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिव्यांश चन्देल, मीडिया प्रभारी पी.आर. संख्यान, हरवंस भभोरिया, भाजपा सदस्य शिव कुमार उपस्थित थे।
