मानव कल्याण समिति नागरिक चिकित्सालय अर्की में पीपीई किट्स व अन्य उपकरण करेगी दान
मानव कल्याण समिति अर्की की बैठक समिति के प्रधान मनोहरलाल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में चीन सीमा पर शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की गई। बैठक की जानकारी देते हुए संस्थापक डॉ संतलाल शर्मा ने बताया कि कोविड-19 के दृष्टिगत समिति ने कुछ पीपीई किट्स, एन 95 मास्क तथा कृत्रिम श्वसन के लिए अंबु बैग खरीदे हैं जो कि जल्द ही नागरिक चिकित्सालय अर्की को भेंट किए जाएंगे व लॉकडाउन के दौरान दी गई सेवाओं के लिए नगर पंचायत अर्की में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को भी समिति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
समिति के सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि समिति ने अर्की उपमंडल के एक व्यक्ति जो कि चंडीगढ़ पीजीआई में उपचाराधीन है, समिति द्वारा उक्त व्यकित की सहायता करने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने इस समिति के सभी सदस्य व दानी सज्जनों उमेश शर्मा तथा विनय गुप्ता का समिति को सहयोग करने के लिए आभार प्रकट किया। समिति के सदस्यों ने श्मशान घाट में पानी की टंकी तथा बिजली उपलब्ध करवाने के लिए जल शक्ति विभाग व विद्युत विभाग सहित नगर पंचायत अर्की का धन्यवाद किया है। इस अवसर पर ओम प्रकाश शर्मा, सोहनलाल, धर्मपाल शर्मा, ओपी गुप्ता, विजय गुप्ता व रोहित शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
