राजेन्द्र गर्ग की मंत्री पद पर नियुक्ति पत्रकारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण : जय कुमार
हिमाचल प्रदेश राज्य पत्रकार महासंघ तथा जिला पत्रकार संघ ने बिलासपुर जिला से भाजपा विधायक राजेन्द्र गर्ग को खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार प्रकट किया है। संघ ने इस युवा समाज सेवी को आंगे लाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का भी धन्यवाद किया है।
बिलासपुर में राज्य पत्रकार महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष जयकुमार और जिला पत्रकार संघ के जिला प्रधान शक्ति उपाध्याय ने राजेन्द्र गर्ग की मंत्री पद पर नियुक्ति को पत्रकारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र गर्ग ने घुमारवीं में एक समाज सेवी व व्यवसायी के रूप में अपना कार्यक्षेत्र एक पत्रकार के रूप में आरंभ किया था। वे वर्षों से निर्भीक, निष्पक्ष व समाजसेवी के रूप में कार्यरत रहे हैं। वे प्रदेश भर में पत्रकारों को हर रोज आने वाली कठिनाइयों से भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि यद्यपि पत्रकारिता के क्षेत्र में वे एक वर्किंग जर्नालिस्ट के रूप में कार्य करते रहे हैं। कितने ही पत्रकार युवाओं को कांग्रेस पार्टी द्वारा भी पहले टिकट देने और उन्हें जितवाने के बाद मंत्री पद सौंपा है जिनमें ऊना के मुकेश अग्निहोत्री अब विधानसभा में विरोध पक्ष के हैं। जयकुमार ने कहा कि यह स्वस्थ परंपरा है कि भाजपा ने प्रथम बार इस परंपरा को नया अंजाम दिया है, जिसका प्रदेश भर के पत्रकार स्वागत करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अब राजेन्द्र गर्ग पत्रकारों की समस्याओं व मांगों को निपटाने में प्राथमिकता देंगे।
जिला प्रधान शक्ति उपाध्याय ने कहा कि शीघ्र ही जिला पत्रकार संघ राजेन्द्र गर्ग को एक समारोह में सम्मानित करेगा।
प्रदेश महासंघ और जिला संघ ने ऊना के वरिष्ठ पत्रकार कंवर हरीसिंह के अचानक निधन पर गहरा शोक व दुख प्रकट किया है। इस अवसर पर जिला संघ के सदस्य विशाल ठाकुर, बंसीधर, रामसिंह, अरुण चंदेल, अनूप उपमन्यु, अरुण डोगरा रीतू, राकेश शर्मा, विजय कुमार, कश्मीर सिंह ठाकुर, अभिषेक मिश्रा, संजय शर्मा, सरोज, दीनानाथ, लाल सिंह और रामलाल पाठक आदि उपस्थित थे।
