कुनिहार में अटल आदर्श विद्यालय खोले जाने का रास्ता साफ
कुनिहार क्षेत्र में अटल आदर्श विद्यालय खोले जाने का रास्ता साफ हो गया हैं। उपमंडलाधिकारी अर्की नागरिक विकास शुक्ला के आदेशानुसार मंगलवार को शिक्षा उप निदेशक प्रारम्भिक सोलन रोशन लाल जसवाल के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत कोठी में वर्षो से खाली पड़ी शिक्षा विभाग की भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में मौजूद सभी ने उक्त भूमि पर अटल आदर्श विद्यालय बनाए जाने की हर संभावनाओं पर अपने अपने विचार रखे ताकि एक रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त सोलन को प्रेषित कर सके। क्षेत्रवासियों में भी इस बात की खुशी है कि प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा कुनिहर में अटल आदर्श विद्यालय खोले जाने की घोषणा पूर्ण हो गई है।
गौरतलब है कि कुनिहर में 25 जनवरी 2019 को आयोजित प्रदेश स्तरीय पूर्ण राजस्व दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुनिहार क्षेत्र के लिए अटल आदर्श विद्यालय खोले जाने की घोषणा की थी लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व की अधिसूचना इसके आड़े आने लग गई थी व प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के समय पर पूर्ण न होने के चलते कई विपक्षीय नेताओं ने भी सवाल खड़े करने शुरू कर दिए थे। ततपश्चात प्रदेश सरकार ने अटल आदर्श विद्यालय बनाए जाने की पूर्व की अधिसूचना में कुछ संसोधन किए जिसके चलते अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुनिहार क्षेत्र में अटल आदर्श विद्यालय बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया। इसी का नतीजा है कि कुनिहर सोलन मार्ग कोठी चौक के समीप वर्षो से खाली पड़ी शिक्षा विभाग के नाम लगभग 30 बीघा भूमि का चयन अटल आदर्श विद्यालय बनाए जाने के लिए हो सकता है। इतना ही नहीं विभाग को अगर विद्यालय बनाए जाने के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी तो साथ लगती सरकारी भूमि का भी अधिग्रहण किया जा सकता है।
इस अवसर पर मोजूद नायब तहसीलदार कुनिहार डी आर चोधरी ने सभी विभागीय आधिकारियों को कुनिहार शिमला मार्ग कोठी चौक के समीप शिक्षा विभागीय भूमि की हदबंदी से अवगत करवाया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह ठाकुर, एस एम सी अध्यक्ष रणजीत सिंह ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत कोठी प्रेमचन्द, प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट सुनीता ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी शंकरलाल, सहायक अभियंता विद्युत विभाग राजकुमार, कानूगो रविन्द्र कुमार शर्मा, पटवारी धीरज, वर्क इसन्स्पेक्टर आई पी एच जगतराम, सहित अन्य विभागीय प्रतिनिधियों सहित समाजिक संगठन के लोग मौजूद थे।
इस मौके पर मौजूद डी पी ओ शिक्षा विभाग सोलन चन्द्र मोहन शर्मा ने बताया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुनिहार क्षेत्र में अटल आदर्श विद्यालय बनाया जाना है इसके लिए उप मंडलाधिकारी नागरिक अर्की के आदेशानुसार विभागीय अधिकारियों व् पंचायत प्रतिनधियो द्वारा कुनिहार के कोठी में खाली पड़ी शिक्षा विभाग के नाम भूमि का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण टीम द्वारा एक रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त सोलन को प्रेषित की जाएगी।
उप निदेशक शिक्षा विभाग प्रारम्भिक रोशन लाल जसवाल ने बताया कि कुनिहार में अटल आदर्श विद्यालय खोला जाना है इसके निरीक्षण टीम द्वारा भूमि का निरीक्षण किया गया है व् बहुत शीघ्र कुनिहार क्षेत्र को अटल आदर्श विद्यालय की सौगात मिल जाएगी।
