कोठी घाटी में अटल आदर्श विद्यालय खोलने का किया स्वागत
कुनिहार विकास सभा के अध्यक्ष धनीराम तनवर, गोपाल पंवर, ज्ञान ठाकुर, दीपराम ठाकुर, बिनोद जोशी, बाबूराम, भागमल तनवर, बलबीर चौधरी, प्रेम चौधरी जगदीश ठाकुर इत्यादि ने कुनिहार के कोठी घाटी में अटल आदर्श विद्यालय बनाने के लिए खुशी जाहिर की। सभा के अध्यक्ष धनीराम तनवर ने बताया कि यह 29 बीघा कोठी गांव की शामलात भूमि थी जिसे 50 साल पहले परमार सरकार में मंत्री स्वर्गीय हरीदास ठाकुर ने विद्यालय बनाने के लिए शिक्षा विभाग के नाम करवाया था। मगर सालों से विकास सभा ने सरकार व शिक्षा विभाग को कई बार लिखित आग्रह किया कि इस खाली जमीन को उपयोग किया जाए मगर कुछ नहीं हुआ। जब मुख्यमंत्री ने कुनिहार में अटल आदर्श विद्यालय बनाने की घोषणा की तो विकास सभा ने फिर से लिखित आग्रह किया कि इस विद्यालय को इसी जगह खोला जाए। आज इस मांग को पूरा होते देख कर सभा के लिए खुशी का माहौल है। सभा सरकार से मांग करतीं हैं कि इस खाली जमीन पर जल्दी से इस विद्यालय को बनाए जाने के आदेश जारी करें ताकि कुनिहार के लोगों की मांग पूरी हो व जल्दी से भवन निर्माण कार्य पूरा हो सके।
