सदर कांग्रेस अध्यक्ष के लिए सर्वसम्मति से लिया हाईकमान का निर्णय सर्वमान्य होगा
बिलासपुर जिले में कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के पश्चात अंजना धीमान ने जिस तरह से नए और पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कार्य करना आरंभ किया है उसके दूरगामी परिणाम बताए जा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में सदर ब्लॉक कांग्रेस की कमेटी के बारे में एक बैठक की अध्यक्षता की। उसमें पार्टी की ओर से पर्यवेक्षक वीरेंद्र सूद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक में सदर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के नाम पर चर्चा की जानी थी।
गौरतलब यह है कि इस बैठक में पूर्व विधायक डॉक्टर बाबू राम गौतम, तिलकराज शर्मा व बंबर ठाकुर उपस्थित रहे ही लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप कौंडल, मस्त राम वर्मा, तेजस्वी शर्मा, राजिंदर ठाकुर, हेमराज ठाकुर, संदीप सांख्यान, सुनील शर्मा और गौरव शर्मा सहित अनेक ऐसे कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे जिनका पार्टी के लिए विशेष योगदान रहा है।
इस बैठक में पर्यवेक्षक के सामने यह सभी ने सर्वसम्मति से पारित किया कि जो भी निर्णय सर्वसम्मति से हाईकमान द्वारा लिया जाएगा वह सबको मान्य होगा। इसके अलावा इस बैठक में नगर परिषद में कांग्रेस समर्थित पार्षद विमला देवी के निधन पर शोक प्रकट किया गया और उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन भी रखा गया। पर्यवेक्षक वीरेंद्र सूद ने भी कहा कि जो भी वरिष्ठ नेता इस पद पर दावेदारी जता रहे हैं। उनकी पार्टी के प्रति कार्यों की रूपरेखा देखी जाएगी और पूरी पारदर्शिता के बाद गहनता से अध्ययन करने के उपरांत ही इस पद पर कोई निर्णय लिया जाएगा।
