सरहद पे लहू जो बहता है, बहते-बहते कहता है, भारत दिल में रहता है
भाषा एवं संस्कृति विभाग कार्यालय बिलासपुर द्वारा स्वतन्त्रता दिवस से पूर्व अवसर पर ऑनलाईन गुगलमीट ऐप के माध्यम से ज़िला स्तरीय कवि सम्मेलन का आयोजन करवाया गया । इस आयोजन में लगभग 15 साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का वाचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला भाषा अधिकारी नीलम चन्देल द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन इन्द्र सिंह चन्देल द्वारा किया गया । सर्वप्रथम इन्द्र सिंह चन्देल द्वारा "ऐ मालिक तेरे बन्दे हम, ऐसे हो हमारे कर्म" वन्दना प्रस्तुत की गई।
उसके उपरान्त रवि सांख्यान ने अपनी रचना "दास्तां की बेड़ियों में कैद था भारत महान, सोने की चिड़िया किसे सुनाती व्यथा अपनी अन्जान", प्रतिभा शर्मा ने "इस धरती के देव है ब्रह्या, विष्णु महेश तथा पहाड़ी रचना पंक्तियां थी- मेरे मैरमा न जायां परदेश, मन ता मेेरा लगे नई", सुशील पुण्डीर की रचना का शीर्षक था- "स्वतन्त्रता पंक्तियां थी- स्वतन्त्रता दिवस है आया मुहब्बत का पैगाम है लाया", सुरेन्द्र मिन्हास ने "गुलामी सभी ते माडी मितरा, अजादिया कने धुम कोई नफिकरा", दिनेश सांवन्त की रचना की पक्तियां थी- "सरहद पे लहू जो बहता है, बहते-2 कहता है भारत दिल में रहता है'', सत्या शर्मा ने "यह कैसा कोरोना धरती पर आया", तृप्ता देवी ने "स्वतन्त्रता दिवस है आया चारों तरफ खुशी का माहौल है छाया", अरूण डोगरा रीतू ने "मेरी सलाह तुसां जो मनणी पौणी" शीर्षक से रचना प्रस्तुत की पंक्तियां थीं "सलाह देने वाले जो कोई नी झलदा'', हेमा ठाकुर ने औरत व प्रोमिला भारद्वाज ने "स्वतन्त्र हवा" शीर्षक से अपनी रचना प्रस्तुत की पंक्तियां थी- स्वतन्त्र हवा चलती जब-जब बलखाती, सरसराती अल्हड मस्त फर्र-फर्र बहती हवा। श्याम लाल शर्मा ने धार्मिक रचना प्रस्तुत की। नवोदित कवयित्रि तनवी राणा की पंक्तियां थी- "आक्रोश की ज्वाला धधक रही थी", प्रियंका चन्देल की पंक्तियां थी- ''मन में विश्वास दिल में जनून, कुछ कर गुजरने का हौंसला त्याग अपना सर्वस्व देश पर कर बलिदान।''
अन्त में ज़िला भाषा अधिकारी नीलम चन्देल द्वारा सभी कवियों एवं कवयित्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है और हमें अपने राष्ट्र के प्रति आदर एवं सम्मान की भावना रखनी चाहिए। उन्होने विभागीय परियोजनाओं की जानकारी देते हुए विभागीय गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त भाषा एवं संस्कृति विभाग कार्यालय बिलासपुर द्वारा ज़िला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में छात्र पाठशाला बिलासपुर के प्रांगण में ज़िला स्तरीय स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर विभाग द्वारा देश भक्ति एवं रंगोली सम्बन्धी कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है।
