पंचायत समिति कुनिहार में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
पंचायत समिति कुनिहार में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने कब्जा कर लिया है। बुधवार को पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी 23 सदस्यों ने भाग लिया, इस दौरान कांग्रेस व भाजपा दोनों पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को खड़ा किया। वोटिंग के बाद आए परिणामों में बाजी मारते हुए अध्यक्ष पद के लिए सोमा कौंडल ने 15 मत हासिल किए जबकि भाजपा समर्थित भावना शर्मा को 7 मत मिले, जिसमें से एक मत रिजेक्ट हो गया। उपाध्यक्ष के चुनाव में मनोहर लाल ने अपने प्रतिद्वंदी गोपाल शर्मा को 8 के मुकाबले 15 मत हासिल कर पराजित किया।
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के बाद एसडीएम अर्की विकास शुक्ला ने दोनों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। एसडीएम अर्की विकास शुक्ला ने बताया कि जल्द ही बीडीसी सदस्यों की एक आगामी बैठक रखी जायेगी। बता दें कि जिला की अन्य पंचायत समितियों में भाजपा के कब्जे के बाद सभी की निगाहें कुनिहार बीडीसी पर टिकी हुई थी। अर्की से विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी इस पंचायत समिति में कांग्रेस के कब्जे को लेकर फील्डिंग सजाई हुई थी और नतीजतन कांग्रेस ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पर अपने समर्थित सदस्यों को बैठा दिया।
