करसोग : शंकर देहरा में बादल फटने से 24 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त, गहराया पेयजल संकट
पानी की सप्लाई बहाल करने में जुटा जल शक्ति विभाग
राज सोनी। करसोग
करसोग में भरी बरसात में पेयजल संकट गहरा गया है। यहां नगर पंचायत परिधि सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 12 हजार की आबादी को तीन दिनों से पानी की सप्लाई नहीं मिली है। जिस कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मौसम खुलते ही जल शक्ति विभाग अब पेयजल सप्लाई को बहाल करने में जुट गया है। विभाग का दावा है कि चार से पांच पेयजल योजनाओं को शाम तक रीस्टोर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य 17 पेयजल योजनाओं को तीन दिनों में बहाल किया जाएगा। जल शंकर देहरा में बादल फटने से खड्ड में पानी के तेज बहाव के साथ मलबा और पत्थर आने से 24 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई है। जिस कारण करसोग नगर पंचायत परिधि सहित साथ लगते कई ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। जल शक्ति विभाग इन पेयजल योजनाओं को रीस्टोर करने कर रहा है। विभाग ने दावा किया है कि करसोग के लिए 100 एमएम और 80 एमएम मीटर डाया, अलियाड के लिए 65 एमएम मीटर डाया, महतेहल के लिए 65 एमएम मीटर डाया व सनोल सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई को मंगलवार शाम तक बहाल कर दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बाकी बची अन्य पेयजल योजनाओं को भी तीन दिन में रीस्टोर किए जाने का प्रयास रहेगा। बादल फटने से जल शक्ति विभाग के करसोग सब डिवीजन को एक ही दिन में 20 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त अन्य दो सब डिवीजन में भी पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। पेयजल योजनाओं में आई गाद की वजह से पानी की लिफ्टिंग बंद है। जिससे लोगों को पेयजल किल्लत की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सभी सब डिवीजन में सहायक अभियंताओं को रोजाना नुकसान का आंकलन किए जाने के आदेश दिए गए हैं। जल शक्ति विभाग करसोग सब डिवीजन के सहायक अभियंता दत्तराम का कहना है कि बादल फटने से 24 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस कारण करसोग नगर पंचायत और साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित हुई है, जिसे जल्द रिस्टोर किए जाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
