जोगिंद्रनगर: एसडीएम इलेवन व बार इलेवन के बीच क्रिकेट का फ्रेंडली मैच हुआ आयोजित
खेलो खूब, नशे से रहो दूर रहा मैच के आयोजन का थीम, बार इलेवन रही विजेता
क्रान्ति सूद। जोगिंद्रनगर
खेल मैदान चौंतड़ा में आज एसडीएम इलेवन व बार इलेवन के बीच क्रिकेट का फ्रेंडली मैच आयोजित किया गया। एसडीएम इलेवन टीम का एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा ने नेतृत्व किया, जबकि बार इलेवन का नेतृत्व सिविल जज जोगिंद्रनगर राहुल वर्मा ने किया। 20-20 ओवर के इस मैच में बार इलेवन ने एसडीएम इलेवन को तीन विकेट से पराजित किया। इस मैच के आयोजन का मुख्य थीम खेलो खूब, नशे से रहो दूर रखा गया था।
एसडीएम इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 150 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बार इलेवन ने 19.1 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाकर मैच तीन विकेट से जीत लिया। इस मैच में एसडीएम इलेवन के खिलाड़ी आनंदमूर्ति ने सर्वाधिक 43 रन बनाए जबकि बार इलेवन की ओर से सुरेंद्र ने सर्वाधिक 30 रन का योगदान दिया। एसडीएम इलेवन की ओर से किशोर तथा बार इलेवन की ओर से सुनित ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट लिए।
