संदिग्ध गतिविधियों के संदेह में हमीरपुर से दर्जी हिरासत में ,केंद्रीय जांच एजेंसी के इनपुट पर सदर थाना की कार्रवाई
हमीरपुर सदर थाना पुलिस ने केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले संवेदनशील इनपुट के आधार पर सोमवार शाम शहर से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिया गया व्यक्ति पेशे से दर्जी है और मूल रूप से किसी अन्य राज्य का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पिछले कुछ समय से हमीरपुर शहर में टेलर का काम कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति की सोशल मीडिया गतिविधियां केंद्रीय जांच एजेंसियों की निगरानी में थीं। उस पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने और आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने का संदेह जताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की एक टीम हमीरपुर पहुंचकर हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर सकती है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि पूछताछ में क्या तथ्य सामने आए हैं।
वहीं, इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि हमीरपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से अभी नहीं की गई है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति और हिरासत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
