युवक-युवती से पकड़ा 21.017 ग्राम चिट्टा, सुंदरनगर के निजी होटल से कर रहे थे नशा तस्करी
सुंदरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नवविवाहित जोड़े को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। यह दोनों सुंदरनगर के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के समीप एक निजी होटल के कमरे में एक युवक और युवती ठहरे हुए है और चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोपहर करीब ढाई बजे मौके पर दबिश दी और कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 21.017 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जबकि तलाशी के दौरान 19,510 रुपये नकद बरामद हुए हैं। युवक की पहचान अरुण भट्टी निवासी जेल रोड, जिला मंडी, जबकि युवती पारुल गुलेरिया निवासी गांव व डाकघर द्रंग, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि इन दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
