शमेली गांव में होगा एम्बुलेंस रोड का निर्माण
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट का शमेली गांव स्वतंत्रता प्राप्ति से अभी तक सड़क की मूलभूत सुविधा से वंचित है। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट फेडरेशन लिमिटेड के चेयरमैन रतन सिंह पाल ने लोगों की इस समस्या को देखते हुए इस गांव के लिए एंबुलेंस रोड के निर्माण हेतु उपायुक्त सोलन के माध्यम से ढाई लाख रुपए का प्रावधान करवा कर इस रोड के निर्माण के कार्य का शुभारंभ करवाया।
शुभारंभ के मौके पर उन्होंने कहा कि इस राशि से 300 मीटर बनने वाले इस एंबुलेंस रोड का निर्माण जहां तक भी पूरा होगा उसे किया जाएगा, उससे आगे और राशि का प्रावधान करवाया जाएगा और इस एंबुलेंस रोड को शीघ्र ही तैयार कर लोगों की मूलभूत जरूरत को पूरा किया जाएगा। गांव के समस्त लोगों ने एंबुलेंस रोड के निर्माण कार्य को शुरू करने तथा धनराशि उपलब्ध करवाने हेतु अपने नेता रत्न सिंह पाल का हार्दिक आभार जताया है। ज्ञात रहे कि यह गांव मुख्य सड़क मार्ग से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर है और इसे निर्माणाधीन बरायली-शिवनगर सड़क मार्ग से जोड़ा जा रहा है जिससे इसकी दूरी 300 मीटर ही बनती है।
इस मौके पर भाजपा सोलन जिला के सचिव राकेश गौतम, अर्की किसान मोर्चा के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, बंटू शुक्ला, कृष्ण भट्टी, नरेश ठाकुर, अरुण गौतम, पवन कुमार, ओम प्रकाश गौतम, ठेकेदार रूपराम इत्यादि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
