ब्लॉक देहरा में 6,085 बच्चों को पिलाई गई पोलियो रोधी दवा
ब्लॉक देहरा में रविवार को आयोजित पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 6,085 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। यह जानकारी खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश आज पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच सके या दवा पीने से छूट गए हैं, उनके लिए 29 और 30 जून को विशेष घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक घर तक पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए 136 टीमें गठित की गई हैं, जो सोमवार और मंगलवार को पूरे ब्लॉक में घर-घर जाकर बच्चों की पहचान करेंगी। वहीं अभियान की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए 14 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो लगातार फील्ड का दौरा कर रहे हैं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य ब्लॉक के हर बच्चे को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। सभी अभिभावक स्वास्थ्य विभाग की घर-घर आने वाली टीमों का सहयोग करें ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
