भरमौर : एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा रोपे गए लगभग 500 पौधे

मुनीष ठाकुर। भरमौर
विकासार्थ विद्यार्थी द्वारा पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत आज इकाई भरमौर के कार्यकर्ताओं द्वारा पौधारोपण किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं द्वारा आज 500 पौधे लगाए गए। इकाई मंत्री विवेक चाडक ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम स्टूडेंट फॉर डिवेलप्मेंट के माध्यम से इकाई ने भरमौर के घराडू में जा कर पौधारोपण किया। इसमें कार्यकर्ता के साथ स्थानीय स्कूल डीएवी के छात्र एवं छात्राओं ने भी पौधारोपण के कार्यक्रम में भाग लिया। विवेक चाडक ने बताया कि लोगों द्वारा पर्यावरण को सुरक्षित करने के लिए लगातार संघर्ष करना चाहिए। पर्यावरण ही मानव जीवन की संरचना का मूलभूत आधार है। अगर प्रकृति और पर्यावरण सुरक्षित रहेंगे, तभी मानव के जीवन का अस्तित्व सुरक्षित रह पाएगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार स्थापना काल से ही पर्यावरण के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है और यह संगठन एक ऐसा संगठन है, जो अपनी कार्यशैली और समाज को ध्यान में रखकर व संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी परिषद ने पूरे भारतवर्ष में अपने आयाम सेवार्थ विद्यार्थी के माध्यम से एक करोड़ से अधिक पौधारोपण का कार्य किया है। हिमाचल प्रांत में भी एक लाख से अधिक पौधा रोपण का कार्य किया जा चुका है, जिसके अंतर्गत जिला चंबा में भी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के द्वारा सेवार्थ विद्यार्थी के साथ मिलकर विभिन्न इकाइयों के द्वारा 5000 पौधे रोपे गए हैं तथा आज इसी अभियान के तहत इकाई भरमौर के कार्यकर्ताओं के द्वारा भरमौर के घराडू में जाकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के द्वारा 500 पौधे लगाए गए।
विद्यार्थी परिषद एक पर्यावरण हितैषी तथा उनके संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इस मौके पर मुख्यातिथि जगपाल चौहान, नगर अध्यक्ष, एडवोकेट करण गौतम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, विवेक चाडक, इकाई उपाध्यक्ष, स्वाति शर्मा, एसएफडी प्रमुख दीपांशी शर्मा, बीए प्रमुख प्रियंका, सहसचिव शीतल शर्मा, कार्तिक चाढ़क, अमित ठाकुर, अतुल शर्मा, शिवानी शर्मा और नगर इकाई के कार्यकर्ता एवं वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।