मंडी रियासत के अंतिम राजा अशोक पाल सेन का निधन, अपने राज महल में ली अंतिम सांस
मंडी रियासत के राजा अशोकपाल सेन का निधन हो गया। वह करीब 90 साल के थे और अस्वस्थ चल रहे थे। रियासत कालीन वह मंडी के अंतिम राजा और राजा जोगिंद्रसेन के पुत्र थे। अंतिम राजा होने के चलते वह मंडी में बहुत ही लोकप्रिय थे। पिछले एक सप्ताह से वह बहुत बीमार थे और मांडव अस्पताल में उपचाराधीन थे। राजा अशोकपाल सेन के निधन से जहां राज परिवार शोकाकुल है, वहीं पूरी छोटी काशी में शोक की लहर है।
शिवरात्रि से जुड़े देव समाज में भी राजा के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। उधर, अंतररास्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के एक माह से भी कम समय में राजा का निधन होने से शिवरात्रि महोत्सव में भी उनके निधन से शोक की झलक जरूर दिखेगी। परंपरा के मुताबिक शिवरात्रि का महोत्सव शुरू होने पर सभी देवता सबसे पहले माधोराय के दरबार में हाजिरी लगाते थे, जिसके तुरंत बाद सभी देवी देवताओं को राज दरबार में भी हाजिरी लगानी पड़ती है।
यहां पर देवी देवताओं का स्वागत राजा के द्वारा किया जाता था, मगर इस बार राजा के निधन से हर साल यहां पर उनका आशीर्वाद लेने वाले देवलु भी जरूर मायूस होंगे। हालांकि, यह बात अलग है कि राजा के सिहांसन पर उनके वंशज भी बैठ सकते हैं। उनके निधन पर पूरे देव समाज ने शोक जताया है।