इंदौरा के भोगरवा व पलाखी में लोगों को योगाभ्यास करवा रहा आयुष विभाग

इंदौरा क्षेत्र में पड़ते हिमाचल प्रदेश के आयुष विभाग के वेलनेस सेंटर भोगरवा में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी अपने केंद्रों के अंतर्गत पड़ते गांवों में घर द्वार और स्कूलों में जाकर योगाभ्यास करवा रहे हैं। भोगरवा वेलनेस सेंटर में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी निशा बनोटा ने बताया कि 21 जून को मनाए जा रहे 9वें अंतर्राष्टीय योग दिवस को सफल बनाने के चलते वेलनेस सेंटर भोगरवा के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोगरवा में एक दिवसीय योगा अभ्यास कैंप आयोजित किया गया, जिसमें 418 विद्यार्थियों के साथ साथ 26 स्कूल के स्टाफ मेंबरों ने हिस्सा लिया।
वहीं केंद्र के अंतर्गत पड़ते पलाखी गांव में भी लोगों घर द्वार जाकर लोगों को योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न विभिन्न योगाभ्यास करवाए, जिसमें पलाखी गांव की 60 महिलाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस बार योग दिवस "हर आंगन योग" थीम पर व्यापक स्तर मनाया जा रहा है। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि योग प्राचीन भारतीय पराम्परा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है। योग अभ्यास शरीर, मन विचार कर्म आत्मसंयम एवं पूर्णता की एकात्मकता और मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य प्रदान करता है। यह स्वास्थ्य एवं कल्याण का पूर्णतावादी दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नही है, बल्कि स्वयं के साथ, विश्व और प्रकृति के बीच एकत्व खोजने का भाव हैैं। योग हमारी जीवन शैली में परिवर्तन लाकर हमारे अंदर जागरूकता उत्पन्न करता है तथा प्राकृतिक परिवर्तनों से शरीर में होने वाले बदलावों को सहन करने में सहायक होता है।