बद्दी: उपरला मलपुर में 9 लाख 98 हजार की लागत से बनेगा पार्क, सिप्ला कंपनी कर रही पार्क का निर्माण
बद्दी के दून हलके की ग्राम पंचायत मलपुर के मलपुर उपरला में सिप्ला कंपनी द्वारा सीएसआर योजना के तहत मंदिर परिसर में पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिसका बुधवार को पंचायत की प्रधान सरोज देवी ने विधिवत नींव का पत्थर रखा। इस पार्क का निर्माण कुल 9 लाख 98 हजार की लागत से किया जाएगा, जिसका पूरा खर्च सिप्ला उद्योग उठाएगा। पंचायत प्रधान सरोज देवी ने कंपनी के कार्यों की सराहना की व कहा कि गांव में आसपास कहीं पार्क न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कंपनी का गांव में पार्क बनाने के लिए धन्यवाद किया।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कैप्टन डीआर चंदेल ने कहा कि सिप्ला कंपनी क्षेत्र में पौधारोपण, गरीब लोगों को दवाईयां व अन्य समाजिक हित में कार्य करती है जोकि बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने अन्य उद्योगों से समाज के हित में होने वाले कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने को कहा। कैप्टन डीआर चंदेल ने कहा कि जब से मलपुर में यह उद्योग स्थापित हुआ है तब से लेकर आज तक कभी भी गांव के लोगों से कंपनी का कभी कोई विवाद नहीं हुआ। कंपनी अपने परिसर के अलावा अपने आसपास के क्षेत्र में भी सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का पूरा ध्यान रखती है, जिसके लिए उन्होंने कंपनी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा इस पार्क के निर्माण से जहां स्थानीय बुजुर्गों को काफी लाभ मिलेगा, वही बच्चों को भी खेलने के लिए कहीं दूर नहीं जाना पडेगा। इस अवसर पर पंचायत के उपप्रधान गुरदास चंदेल, पंच श्याम लाल, राष्ट्रीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, मंदिर कमेटी प्रधान रामकरण, सुरेश चौधरी व अन्य लोग उपस्थित रहे।
