मंडी : पीएम माेदी की बिलासपुर रैली में संगठनात्मक जिला मंडी से जाएंगे 10 हजार कार्यकर्ता-बिहारी लाल शर्मा
कहा, हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री मानते हैं अपना दूसरा घर, प्रदेश में हर हाल में होगा मिशन रिपीट
फर्स्ट वर्डिक्ट। मंडी
भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला मंडी की विशेष बैठक परिधि गृह मंडी में जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश सचिव और मंडी संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी बिहारी लाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में तय किया गया कि संगठनात्मक जिला मंडी से बिलासपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली में हर मंडल अपनी उपस्थिति दर्ज करेगा और जिला से 10 हजार से ज्यादा की संख्या बिलासपुर पहुंचेगी। बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और हिमाचल के लोगों के साथ उनका एक विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर रैली भव्य और विशाल होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयार है और बड़ी जीत को लेकर आश्वस्त है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की विकाशात्मक सोच और कार्यों से जनता ही नहीं अपितु विपक्ष के नेता भी आकर्षित हो रहे हैं। यही कारण है कि कांग्रेस के बड़े बड़े नेता लगातार कांग्रेस छोड़ भाजपा में सम्मिलित हो रहें हैं और कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अनेकों नेता लगातार भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व से संपर्क में हैं। बैठक में जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, जिला महामंत्री महेंद्र पाल, उप महापौर वीरेंद्र भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, सह मीडिया प्रभारी कर्त्तव्य वैद्य, मंडी मंडल अध्यक्ष मनीष कपूर, मंडल महामंत्री बालक राम और जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन ठाकुर उपस्थित रहे।
