आपातकाल पर भाजपा का जनजागरण, लोकतंत्र की रक्षा का आह्वान: सुधीर

भारतीय जनता पार्टी ने आज धर्मशाला के लायंस क्लब में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला दिन बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला गया। संगोष्ठी में वे लोकतंत्र प्रहरी भी उपस्थित थे, जिन्हें आपातकाल के दौरान जेल में बंद किया गया था, और उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। हिमाचल प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि आपातकाल भारतीय राजनीति का एक ऐसा अध्याय है जिससे आज भी सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने इसे एक चेतावनी बताया कि लोकतंत्र को सशक्त बनाए रखना और संस्थाओं की स्वतंत्रता कितनी महत्वपूर्ण है। कपूर ने जोर दिया कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक अत्यंत संवेदनशील और विवादास्पद समय था, जब मौलिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया था। पूर्व मंत्री और धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने आपातकाल को "कांग्रेस की सत्ता लोलुपता और निरंकुश मानसिकता का प्रतीक" बताया। उन्होंने उन सभी लोकतंत्र रक्षकों को नमन किया जिन्होंने तानाशाही के खिलाफ संघर्ष किया और जेलें सहीं। शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी आपातकाल की मानसिकता से ग्रस्त है, जो वंशवाद, तुष्टिकरण और सत्ता के केंद्रीकरण को ही राजनीति मानती है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने ऐसे रवैये को बार-बार नकारा है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और कांगड़ा से विधायक पवन काजल ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा आघात बताया। उन्होंने कहा कि 50 साल पहले थोपा गया वह दौर न केवल नागरिक स्वतंत्रता को कुचलने वाला था, बल्कि प्रेस, न्यायपालिका और विपक्ष की आवाज को भी दबाने वाला था, जिसे भूला नहीं जा सकता। इस संगोष्ठी में आपातकाल के दौरान जेल में रहे लोकतंत्र प्रहरी गोपी चंद अग्रवाल, नरेंद्र नाथ, सुनील मनोचा, एडवोकेट राकेश भारती (पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल), कमल किशोर पाधा और स्वर्गीय कुलदीप सचदेवा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री व धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा कूका, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, वरिंदर चौधरी, जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश सचिव विशाल चौहान सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।