दाड़लाघाट : मुख्यमंत्री ने किए एक हजार करोड़ रुपये के 183 विकास कार्यों के उदघाटन-शिलान्यास
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल्लू से 1008.42 करोड़ के 183 विकास कार्यों के वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किए। इनमें 360.96 करोड़ के विकास कार्यों के उद्घाटन और 647.46 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले लगभग पांच वर्षों के दौरान राज्य के हर क्षेत्र का संतुलित और समान विकास सुनिश्चित किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज उन्होंने 1008 करोड़ रुपये की 183 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमीरपुर जिले के लिए आज 20.40 करोड़ की 4 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और 33.82 करोड़ रुपये की 3 परियोजनाओं के शिलान्यास किए। जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कांगड़ा जिले के लिए आज 108.98 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन किए और 225.35 करोड़ की 30 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलन जिला के तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 1.33 करोड़ की एक विकासात्मक परियोजना का उद्घाटन और 18.45 करोड़ की 8 परियोजनाओं के शिलान्यास किए गए हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि ऊना जिला के लिए आज 39.69 करोड़ की 8 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और 30.28 करोड़ की 5 परियोजनाओं शिलान्यास किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला जिले के तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उन्होंने 45.16 करोड़ की 7 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और 3.31 करोड़ की एक परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मंडी जिले के लिए 54.54 करोड़ की 15 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन किया और 108.32 करोड़ की 14 परियोजनाओं के शिलान्यास किए गए हैं। मुख्यमत्री ने कहा कि बिलासपुर जिले के लिए 56.61 करोड़ की 6 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और 101.88 करोड़ की 22 परियोजनाओं के शिलान्यास किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिले के लिए 38.25 करोड़ की 10 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और 126.05 करोड़ की 21 परियोजनाओं के शिलान्यास किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि दस हजार स्कूली छात्रों को स्मार्टफोन भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कुल्लू में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेन्द्र शौरी, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश सोनी, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग मौजूद थे। जबकि, अन्य मंत्री और विधायक अपने-अपने स्थानों से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
