दिल्ली में तैनात सीआईएसएफ जवान बंटी कुमार का हार्ट अटैक से निधन, पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
धर्मपुर, 26 अप्रैल (डिंपल शर्मा): धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लौंगनी के हुक्कल गांव निवासी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में तैनात 34 वर्षीय जवान बंटी कुमार, पुत्र पवन कुमार, का शुक्रवार सुबह दिल्ली में हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वह बीते सोमवार को ही घर से छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर दिल्ली लौटे थे। बंटी कुमार 13 वर्ष पहले सीआईएसएफ में भर्ती हुए थे। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार रात को उनके पैतृक गांव हुक्कल पहुंचा, जहां शनिवार सुबह शिवद्वाला स्थित श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस की टुकड़ियों ने उन्हें सलामी दी। इस दौरान उनके 7 वर्षीय बेटे अर्पण ने उन्हें मुखाग्नि दी। बंटी कुमार अपने पीछे पत्नी, 7 वर्षीय पुत्र, डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी, माता तथा पिता को छोड़ गए हैं। उनके पिता पवन कुमार वर्तमान में असम राइफल्स में सेवारत हैं। जवान की अंतिम विदाई में गांववासियों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दुखद अवसर पर भाजपा के युवा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रजत ठाकुर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जोगिंदर धलारिया, लौंगनी पंचायत के पूर्व प्रधान देशराज पालसरा, उप प्रधान पृथ्वी सिंह और राजकुमार चौहान ने भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उनके असमय निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और माहौल गमगीन बना हुआ है।
